February 26, 2026

NEWS TEL

NEWS

टाटानगर की तीन ट्रेनों में मिलेगी मिनी पेंट्रीकार सुविधा, यात्रियों को सीट पर मिलेगा नाश्ता और खाना

जमशेदपुर:टाटानगर स्टेशन से चलने वाली तीन महत्वपूर्ण ट्रेनों में यात्रियों को जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। चक्रधरपुर मंडल की ओर से थावे–छपरा, गोड्डा और हटिया एक्सप्रेस में मिनी पेंट्रीकार लगाने का प्रस्ताव दक्षिण पूर्व रेलवे को भेजा गया है। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद इन ट्रेनों में सफर कर रहे हजारों यात्रियों को अब सीट पर ही नाश्ता, भोजन और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे। बताया जा रहा है कि पेंट्रीकार की संख्या ट्रेनों के मुकाबले काफी कम है, ऐसे में मिनी पेंट्रीकार शुरू होने से यात्रियों की भोजन संबंधी दिक्कतें काफी हद तक कम हो जाएंगी।मिनी पेंट्रीकार मिलने के बाद यात्रियों को एजेंसी के कर्मचारी सीट पर ही चाय, नाश्ता, रोटी–सब्जी, दाल–चावल, बिरयानी और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराएंगे।

थावे–छपरा ट्रेन की रैक दिन बदलकर कटिहार मार्ग पर भी चलती है, जबकि गोड्डा–भागलपुर एक्सप्रेस की बोगियां नंबर बदलकर जयनगर–दरभंगा तक जाती हैं। ऐसे में पेंट्रीकार की सुविधा शुरू होने से कटिहार और जयनगर जाने वाले यात्रियों को भी यह लाभ मिलेगा। इससे पहले भी टाटानगर–बेंगलुरु साप्ताहिक एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का उपयोग जलियांवाला बाग एक्सप्रेस में किया जाता रहा है।हालांकि अब भी कई ट्रेनों—जैसे बिलासपुर–बक्सर साप्ताहिक एक्सप्रेस—में मिनी पेंट्रीकार की सुविधा नहीं है, जिसके चलते यात्रियों को खानपान की परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं टाटानगर से चलने वाली साउथ बिहार एक्सप्रेस में पहले से ही यह सेवा उपलब्ध है। पेंट्रीकार शुरू होने की संभावना से यात्रियों में उत्साह है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही रेलवे इस प्रस्ताव पर अंतिम फैसला लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.