झारखंड नगर निकाय चुनाव: RJD ने फुल स्ट्रेंथ में लड़ने का किया ऐलान, INDIA गठबंधन और हेमंत सोरेन को दोहराई समर्थन
1 min read
रांची: राजधानी से बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है, जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने साफ कर दिया है कि वह झारखंड के आगामी नगर निकाय चुनावों में पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी के संसदीय बोर्ड ने एक अहम बैठक कर प्रस्ताव पारित किया कि आरजेडी राज्यभर में नगर निकाय चुनावों को फुल स्ट्रेंथ के साथ लड़ेगी और इसके लिए युद्धस्तर पर तैयारी शुरू की जाएगी। धुर्वा स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने की, जिसमें तय हुआ कि मंडल और जिला स्तर पर प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे, जो स्थानीय स्तर पर उम्मीदवारों के चयन से लेकर उनकी जीत तक की रणनीति तैयार करेंगे।

सभी मंत्रियों, विधायकों और पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा करने और जनसंपर्क कार्यक्रमों को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक में राज्य के श्रम मंत्री संजय यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, विधायक नरेश समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने ‘INDIA’ गठबंधन और हेमंत सोरेन सरकार के प्रति अपनी एकजुटता भी जताई। पार्टी प्रवक्ता कैलाश यादव ने स्पष्ट किया कि RJD लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट है और गठबंधन धर्म निभाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।उन्होंने बताया कि चूंकि नगर निकाय चुनाव सिंबल पर नहीं लड़े जाते, इसलिए सहयोगी दलों की ओर से प्रस्ताव आने के बाद ही सीट शेयरिंग पर अंतिम फैसला होगा। अनुमान है कि झारखंड में अगले तीन महीनों के भीतर नगर निकाय चुनाव कराए जा सकते हैं और इसी को ध्यान में रखते हुए INDIA ब्लॉक के सभी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।
