दिल्ली में रेखा सरकार का डबल तोहफा: 1500 संविदा नर्सें स्थायी, 618 DSS और स्टेनो कर्मचारियों को मिला प्रमोशन
1 min read
न्यूज़टेल डेस्क:दिल्ली की रेखा सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को एक साथ दो बड़ी सौगातें दी हैं। राजधानी के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में वर्षों से संविदा पर कार्यरत लगभग 1500 नर्सों को अब स्थायी नियुक्ति दी जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली सबऑर्डिनेट सर्विस (DSS) और स्टेनो कैडर के 618 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है, जिससे हजारों परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि इन 1500 नर्सों को 6 जुलाई को विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अस्पताल प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। रेखा सरकार ने इन नर्सों के कोरोना काल सहित संकट के समय दिए गए योगदान को मान्यता देते हुए उन्हें यह स्थायित्व प्रदान किया है।

वहीं उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने DSS और स्टेनो कैडर के 618 कर्मचारियों की समय से पहले पदोन्नति को मंजूरी दी है। इनमें से 404 कर्मचारियों को ग्रेड-2 से ग्रेड-1 में प्रमोट किया गया है। उपराज्यपाल ने कहा कि सरकारी कर्मियों को समय पर पदोन्नति देना उनके मनोबल और कार्यकुशलता को बढ़ाने में सहायक होता है। इस फैसले को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।