क्या आपको भी है विटामिन-डी की कमी? जानिए ये चार लक्षण और हो जाइए अलर्ट
1 min read
न्यूज टेल/जमशेदपुर: (अदिति पांडे) हमारे शरीर को अच्छे से काम करते रहने के लिए नियमित रूप से आहार के कई प्रकार के पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। विटामिन-डी, जिसे सनशाइन विटामिन भी कहा जाता है, ये शरीर के लिए बहुत जरूरी होती है। आमतौर पर इसे सिर्फ हड्डियों की सेहत से जोड़कर देखा जाता है पर असल में इम्युनिटी से लेकर कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ाने के लिए हमें निरंतर रूप से इसकी जरूरत होती है। क्या आपको विटामिन-डी की कमी है?
विटामिन-डी कई प्रकार से हमारे लिए जरूरी है, यह कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है, प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ाने के साथ हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने में भी सहायता करता है। हैरानी की बात यह है कि विटामिन डी की कमी जितना आप सोच सकते हैं उससे कहीं ज्यादा आम है।
यूएस नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, लगभग एक अरब लोगों में विटामिन डी का स्तर सामान्य से कम है। आइए जानते हैं कि किन संकेतों के आधार पर आप जान सकते हैं कि कहीं आपको भी इससे खतरा तो नही है?
यदि आप ज्यादा बार बीमार पड़ते हैं, खासकर सर्दियों के महीनों में, तो यह संकेत हो सकता है कि विटामिन-डी के कारण आपका शरीर कमजोर हो गया है। यह महत्वपूर्ण विटामिन आपकी प्रतिरक्षा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
विटामिन-सी की ही तरह विटामिन-डी भी इम्युनिटी को मजबूत बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी है।
यदि आपके घाव को ठीक होने में अधिक समय लग रहा है, तो यह भी विटामिन-डी की कमी का कारण हो सकता है। घावों के देर से भरने की समस्या डायबिटीज में भी होती है, इसलिए ऐसे लक्षणों पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
हड्डियों को स्वास्थ्य रहने के लिए विटामिन-डी बहुत जरूरी होता है। विटामिन-डी की कमी के कारण हड्डियों में दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी और यहां तक कि ऑस्टियोमलेशिया जैसी गंभीर स्थितियां हो सकती हैं। यदि आप अपनी हड्डियों और मांसपेशियों में अस्पष्ट कारणों से दर्द और ऐंठन का अनुभव करते हैं, तो विटामिन-डी के टेस्ट को लेकर एक बार डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
बालों के झड़ने की समस्या का कारण भी विटामिन डी की कमी हो सकती है. यदि आपके बाल अधिक पतले या झड़ रहे हैं, तो यह विटामिन डी से जुड़ी समस्या हो सकती है। कई बार बालों की समस्याओं को ठीक करने के लिए डॉक्टर आपको इसके सप्लीमेंट्स की भी सलाह दे सकते हैं, इसलिए नियमित रूप से आहार में इस विटामिन को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।