होमगार्ड जवान हैं आक्रोशित मांगे नहीं पूरी होने पर दी विधानसभा घेराव की चेतावनी
1 min read
जमशेदपुर
झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सोमवार को सभी जिला मुख्यालयों पर राज्यव्यापी धरना प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया गया। इन्होंने बिहार की तर्ज पर झारखंड के भी होमगार्ड जवानों को मानदेय सहित अन्य सुविधाएं दिए जाने की मांग की। गृहरक्षकों ने साफ कर दिया है, कि अगर अब भी सरकार इनकी मांगों पर विचार नहीं करती है, तो आगामी 8 मार्च को राज्य के सभी गृह रक्षक राजधानी रांची पहुंच विधानसभा का घेराव करेंगे।
गौरतलब है, कि पिछले कई सालों से झारखंड के होमगार्ड जवान बिहार की तर्ज पर मानदेय, ग्रेच्युटी, समान काम के बदले समान वेतन, नियमित ड्यूटी सहित कई मांगों को लेकर आंदोलित हैं। हर बार सरकार की ओर से उन्हें निराशा ही हाथ लगी है। अंततः उन्होंने सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जमशेदपुर जिला मुख्यालय पर धरने पर बैठे झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रमंडलीय सचिव विनय सिंह ने बताया, कि अब आर- पार की लड़ाई होगी। उन्होंने राज्य सरकार को 7 मार्च तक की मोहलत देते हुए कहा है, कि अगर 7 मार्च तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती है, तो 8 मार्च को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इस दौरान जमशेदपुर के सैकड़ों होमगार्ड जवान मौजूद रहे।.