सुंदरनगर में पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण, लाइसेंस में गड़बड़ी पर दो दुकानें बंद
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सुंदरनगर में दीपावली से पहले पटाखों की बिक्री में सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कूदादा में पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान लाइसेंस में अनियमितता मिलने पर दो दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण में मांगोटिया इंटरप्राइजेज का लाइसेंस एक्सपायर पाया गया, जबकि मां बनभौरी ट्रेडर्स का लाइसेंस 31 मार्च 2025 तक ही वैध था। अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने दोनों दुकानों को लाइसेंस नवीनीकरण होने तक बंद रखने का निर्देश दिया। मांगोटिया इंटरप्राइजेज को पटाखों के बीच रखी बैटरियां हटाने को भी कहा गया।
निरीक्षण अभियान में अंचल अधिकारी मनोज कुमार, बीडीओ सुमित प्रकाश और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना पटाखों की बिक्री व भंडारण की अनुमति नहीं होगी। साथ ही लोगों से अधिकृत दुकानों से ही पटाखे खरीदने की अपील की गई।