भुइयांडीह में 1.43 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
1 min read
जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बुधवार को भुइयांडीह छायानगर में न्यू सिविल कोर्ट के गेट संख्या-2 के समीप रैन बसेरा के पीछे करीब 1.43 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास किया। 15वें वित्त आयोग (स्वास्थ्य प्रक्षेत्र) मद से बनने वाले इस केंद्र में डॉक्टर चैंबर, पैथोलॉजी लैब, पुरुष एवं महिला वार्ड, लेबर रूम, फार्मेसी सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे भुइयांडीह और आसपास के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। मौके पर सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग एवं स्थानीय निवासी उपस्थित थे।