मर्सी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप, स्वास्थ्य मंत्री से उच्चस्तरीय जांच की मांग
जमशेदपुर : जमशेदपुर, 9 अक्टूबर। पूर्वी सिंहभूम के बारीडीह स्थित मर्सी अस्पताल पर इलाज में कथित लापरवाही, नवजात को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं कराने और एंबुलेंस की अव्यवस्था का आरोप लगा है। बागबेड़ा निवासी राजेश सांडिल ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को उनकी पत्नी नूपुर भंडारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दवा देने के बाद पत्नी की स्थिति बिगड़ गई और ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर भी समस्या हुई। ऑपरेशन से बच्ची के जन्म के बाद नवजात को बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर किया गया। आरोप है कि अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस में तेल नहीं था, जिससे अस्पताल पहुंचने में देरी की आशंका पैदा हुई।
राजेश सांडिल ने नवजात के उपचार के लिए नर्सरी सुविधा उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय चिकित्सकीय जांच की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि सिविल सर्जन और संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है।