बोकारो में नेटबॉल चयन ट्रायल, 18 खिलाड़ियों ने लिया भाग
बोकारो: बोकारो जिला नेटबॉल संघ की ओर से 31 अक्टूबर को चिन्मय विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय नेटबॉल चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों और क्लबों के 18 खिलाड़ियों ने भाग लिया। झारखंड नेटबॉल संघ के पर्यवेक्षक की निगरानी में चयन प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक फिटनेस, टीमवर्क और खेल कौशल का आकलन किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय ट्रायल सह प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। शिविर के बाद गठित अंतिम टीम 3 से 6 दिसंबर तक इंदौर में आयोजित तीसरी सीनियर मिक्स्ड नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। मौके पर संघ के अध्यक्ष संजीव सिंह, सचिव निशांत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। चिन्मय विद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. रोशन शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।