जमशेदपुर: 70 रेलकर्मियों को सड़क सुरक्षा और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण
जमशेदपुर :जमशेदपुर में टाटानगर रेलवे सिविल डिफेंस की ओर से शनिवार को एमडीडीटीआई में रेलकर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कैरेज एंड वैगन, इंजीनियरिंग, ऑपरेटिंग, कमर्शियल और लोको शेड के कुल 70 कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा, गोल्डन ऑवर, प्राथमिक उपचार और आपदा प्रबंधन की जानकारी दी गई। सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान घायल को समय पर प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता मिलने से उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना केवल पीड़ित को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों को आपात परिस्थितियों में सजग, प्रशिक्षित और जिम्मेदार बनाना है, ताकि वे जरूरत पड़ने पर घायलों की मदद कर सकें।