पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के फाइनल में जगन्नाथपुर टाइगर्स और मनोहरपुर लायंस, कल होगी खिताबी भिड़ंत
1 min read
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले पूरे रोमांच के साथ संपन्न हुए। जगन्नाथपुर टाइगर्स ने कोल्हान किंग को, जबकि मनोहरपुर लायंस ने चाईबासा चैलेंजर्स को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। लीग का फाइनल मुकाबला कल दोपहर 12:30 बजे चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेला जाएगा।
जगन्नाथपुर टाइगर्स ने कोल्हान किंग को हराया
पहले सेमीफाइनल में जगन्नाथपुर टाइगर्स ने कोल्हान किंग को दो विकेट से हराया। टॉस जीतकर जगन्नाथपुर टाइगर्स ने कोल्हान किंग को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। कोल्हान किंग की टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। सन्नी मिश्रा ने 37 और राम रौशन शरण ने 29 रन बनाए।
जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से डेविड सागर मुंडा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 25 रन देकर चार विकेट लिए। कप्तान विकास सिंह और ए. पवन कुमार को दो-दो सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर टाइगर्स ने 19.4 ओवर में आठ विकेट खोकर 167 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कुलदीप मंडल ने 61 रन, अतुल सिंह सुरवर ने 51 रन और युवराज कुमार ने महज नौ गेंदों में नाबाद 34 रन की तूफानी पारी खेली। युवराज कुमार को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सुप्रियो चक्रवर्ती की तूफानी पारी से फाइनल में पहुंचा मनोहरपुर
दूसरे सेमीफाइनल में मनोहरपुर लायंस ने चाईबासा चैलेंजर्स को दो विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा चैलेंजर्स ने 20 ओवर में छह विकेट पर 210 रन बनाए। सचिन दूबे ने 65, सुमित कुमार ने 51 और अरविंद कुमार ने 37 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मनोहरपुर लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 11 रन पर उसके तीन विकेट गिर गए। 97 रन के स्कोर पर टीम के पांच विकेट गिरने के बाद मुकाबला चाईबासा चैलेंजर्स के पक्ष में जाता दिखाई दे रहा था।
लेकिन इसके बाद सुप्रियो चक्रवर्ती ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 39 गेंदों में नौ चौके और आठ छक्कों की मदद से 95 रन की विस्फोटक पारी खेली। चंदन मुखी ने 35 और विजय रोहित ने नाबाद 23 रन बनाकर उनका साथ दिया। मनोहरपुर लायंस ने लक्ष्य हासिल करते हुए दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
सुप्रियो चक्रवर्ती को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें झारखंड रणजी टीम के बॉलिंग कोच एवं पूर्व रणजी खिलाड़ी यजूवेंद्र कृष्णात्री ने पुरस्कार प्रदान किया।
अब पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के फाइनल में जगन्नाथपुर टाइगर्स और मनोहरपुर लायंस आमने-सामने होंगे। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें इस खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं।