पार्टी के दौरान छीना झपटी में चली गोली, एक घायल, पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
1 min read
जमशेदपुर
घर में मुर्गा और शराब की पार्टी में पिस्टल देखने औऱ दिखाने के क्रम में एक दूसरे के साथ हुई छीना झपटी में गोली चल गई और एक युवक घायल हो गया। हालांकि घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे टीएमएच भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को मामले की जानकारी हुई, तब फायरिंग का पता चला। घटना बीती रात की है।
डीएसपी अरविन्द कुमार ने बताया कि कदमा थाना प्रभारी द्वारा की गई पूछताछ में घायल कानू स्वाईं ने बताया कि कदमा स्थित किराये के मकान में वह अपने दोस्तों पुरूषोत्तम सिंह और गिरी राम के साथ पार्टी कर रहा था। गिरी राम अपने साथ पिस्टल लेकर आया था। पार्टी के दौरान पिस्टल देखने के दौरान वे आपस में छीना-झपटी करने लगे औऱ इस क्रम में गोली चल गयी जो कानू की जांघ में लगी।

आनन-फानन में उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया जहां से टीएमएच रेफर कर दिया गया। पता चला कि गिरी राव औऱ पुरूषोत्तम आदित्यपुर के रहने वाले हैं जो मैरिन ड्राइव के पास बस्ती में रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास पिस्टल के साथ ही एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी जब्त किया है। दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, इसके बाद पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।