‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ जमशेदपुर की अर्शी भारती का हुआ चयन
1 min readJAMSHEDPUR : जमशेदपुर की होनहार अभिनेत्री अर्शी भारती लोकप्रिय पारिवारिक कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की कास्ट में शामिल हो गई हैं। वह शो में तारक मेहता के बॉस के सेक्रेटरी की भूमिका निभा रही हैं। बॉस की भूमिका मशहूर अभिनेता राकेश बेदी निभा रहे हैं।
इतने बड़े शो में कास्ट होकर कैसा महसूस कर रही हैं पूछे जाने पर अर्शी ने बताया कि “मैं टीवी तो नहीं करना चाहती थी कभी मगर 1 दिन ऐसे ही मैंने तारक मेहता के लिए ऑडिशन दिया और भूल भी गयी थी उसके बारे में, क्योंकि एक्टिंग ऐसी इंडस्ट्री है जहाँ उम्मीद लगा के नहीं बैठ सकते, ऑडिशन दे कर भूल जाना होता है।
मुझे लगभग 1 हफ्ते बाद कॉल आया कि आपका शॉर्टलिस्ट हुआ है और यह सुन के मैं बहुत खुश हो गई, क्योंकि इतने बड़े शो में शॉर्टलिस्ट होना ही बड़ी बात है। मुझे शाम तक रुकना था न्यूज़ कंफर्म होने के लिए लेकिन मुझसे रुका नहीं जा रहा था, मगर जब कॉल आया कि सिलेक्शन हो गया है तो मैं बहुत ही ज्यादा खुश हो गयी, मुझे शाम के 7 बजे पता चला और दूसरे दिन सुबह 7 बजे मुझे शूट पर जाना था। मैं इतनी खुश थी कि सोयी ही नहीं पूरी रात।”
पहले दिन सेट पर कैसा लगा पूछने पर उन्होंने जवाब दिया कि “सुबह जब सेट पर गयी तो बहुत अच्छा लगा, जेठालाल, तारक मेहता, राकेश सर, सोढ़ी जी सब को देख के मैं बहुत खुश हुई, सब ही बहुत अच्छे लोग हैं और इतने बड़े लोगों के साथ शूट करना कोई आम बात नहीं थी। राकेश सर बहुत मज़ाकिया है और सामने से और भी ज्यादा क्यूट हैं। इतने बड़े एक्टर के साथ काम करने का मौका मिला, मेरे लिए ये किसी सपने का साकार होने जैसा है।”
गौरतलब हो कि अर्शी आशुतोष गोवारिकर की फ़िल्म’पानीपत’ से बॉलीवुड में अपनी डेब्यू की थी। यह फिल्म पानीपत की तीसरी लड़ाई पर आधारित थी, इसमें अर्जुन कपूर, संजय दत्त और कृति सैनन ने अभिनय किया था। उन्होंने कृति सैनन की दोस्त की भूमिका निभाई थी।