फिटनेस ग्रुप के सदस्यों ने किया वृक्षारोपण, सदस्यों के जन्मदिन पर संस्था ने की विशेष पहल
जमशेदपुर। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने वाली संस्था फिटनेस ग्रुप ने अपने सदस्यों के जन्मदिन पर विशेष पहल करते हुए वृक्षारोपण किया। शनिवार को सदस्य हेमंत अग्रवाल के जन्मदिन पर संस्था के सदस्यों ने निलडीह क्षेत्र में गुलमोहर, नीम और आम के वृक्ष लगाये। सदस्यों ने लगाये गए वृक्षों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर फिटनेस ग्रुप से जुड़े पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन, वर्षगांठ पर पौधे लगाने से पर्यावरण संतुलित रहेगा। आज जब पूरे विश्व के लिए जलवायु परिवर्तन चुनौती है तो हम सभी पर्यावरण संरक्षण के अपने संकल्प को जीवन के विशेष दिन पर पौधारोपण कर पूर्ण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे लोग अपने सेहत व स्वास्थ्य के प्रति चिंतित रहते हैं ठीक उसी तरह पर्यावरण के प्रति भी चिंतित होने की आवश्यकता है। इस दौरान दिनेश कुमार, राकेश सिंह, संजय शर्मा, राजा अग्रवाल, पंकज शर्मा, कुशाल राजू डीएस राव, रेमन, हेमंत अग्रवाल, विजय अग्रवाल, शंकर समद, मनीष अग्रवाल व अन्य मौजूद थे।