एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल, टेंपो में ही हुआ प्रसव , 20 मिनट बाद मिली मदद
जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक मामला सामने आया है। सोनारी निवासी निर्मला कर्मकार को डोबो पुल के पास अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसके बाद उनके पति दुर्गा कर्मकार उन्हें टेंपो से तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी करीब 20 मिनट तक उन्हें चिकित्सा सहायता नहीं मिली और प्रसूता ने टेंपो में ही बच्ची को जन्म दे दिया।बताया जाता है कि अस्पताल पहुंचने तक नवजात बच्ची का आधे से अधिक शरीर बाहर आ चुका था। इस दौरान पति असमंजस में रहे कि पत्नी को संभालें या अस्पताल के अंदर जाकर स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाएं। बाद में सूचना मिलने पर डॉक्टर ने तीन नर्सों को मौके पर भेजा। स्वास्थ्यकर्मियों ने टेंपो में ही सुरक्षित प्रसव कराया और निर्मला को व्हीलचेयर से अस्पताल के अंदर ले जाया गया।राहत की बात यह रही कि जच्चा और नवजात बच्ची दोनों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई गई है। हालांकि, प्रसव जैसी आपात स्थिति में समय पर सहायता नहीं मिलने के आरोप ने अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एमजीएम अस्पताल में दो महीने के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है।