राष्ट्रीय डाक सप्ताह के तहत कोल्हान के 8 अनुमंडलों में लगेंगी डाक चौपाल
1 min read
जमशेदपुर : जमशेदपुर में विश्व डाक दिवस के अवसर पर 9 अक्टूबर से राष्ट्रीय डाक सप्ताह की शुरुआत हुई। इसके तहत कोल्हान क्षेत्र में डाक विभाग की ओर से जागरूकता और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने बताया कि 12 अक्टूबर को फिलाटेली दिवस पर स्कूली बच्चों को डाक टिकट संग्रह और डाकघर की कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाएगा।
13 अक्टूबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के आठ अनुमंडलों में डाक चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को वित्तीय समावेशन, सरकारी योजनाओं और नागरिक-केंद्रित सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
14 अक्टूबर को जमशेदपुर में बिजनेस मीट और चाईबासा के पिल्लई हॉल में रिफॉर्म उत्सव होगा। वहीं, 15 अक्टूबर को प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस पर डाक कर्मचारियों के बीच क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
सिंह ने बताया कि सिंहभूम प्रमंडल के दो प्रधान डाकघर, 71 उपडाकघर और 654 शाखा डाकघर डिजिटल हो चुके हैं। राष्ट्रीय डाक सप्ताह का उद्देश्य डाक सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और डिजिटल सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है।