September 3, 2026

NEWS TEL

NEWS

चेन्नई में ऑटोमोटिव ग्लोबल यूनियनों की बैठक, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष व महामंत्री ने लिया हिस्सा

1 min read

जमशेदपुर: इंडस्ट्रियल ऑल ग्लोबल यूनियन के यूनियन-टू-यूनियन एमएनसी सप्लाई चेन प्रोजेक्ट के तहत आयोजित दो दिवसीय ऑटोमोटिव यूनियन मीटिंग-इंडिया का शुभारंभ बुधवार को चेन्नई में हुआ। 2 और 3 सितंबर को आयोजित इस बैठक में देश के विभिन्न ऑटोमोबाइल उद्योगों से जुड़े ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों और श्रमिक नेताओं ने हिस्सा लिया।बैठक में दक्षिण एशिया के क्षेत्रीय सचिव आशुतोष भट्टाचार्या, क्षेत्रीय पदाधिकारी थिलागम रामलिंगम, इंटक के राष्ट्रीय महासचिव संजय सिंह, जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय के साथ टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आर.के. सिंह सहित कई श्रमिक नेता शामिल हुए।बैठक के दौरान ऑटोमोटिव सेक्टर के बदलते वैश्विक परिदृश्य, यूनियनों के विस्तार, संगठनात्मक उपलब्धियों, रोजगार के बदलते स्वरूप और श्रम कानूनों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा ऑटोमेशन, डिजिटलाइजेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकी चुनौतियों का श्रमिकों के रोजगार और कार्य परिस्थितियों पर पड़ने वाले प्रभाव को भी प्रमुखता से उठाया गया।टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आर.के. सिंह ने कहा कि जमशेदपुर के यूनियन नेताओं की भागीदारी से शहर के ऑटोमोबाइल और औद्योगिक श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का अवसर मिला। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रमिक नेताओं के अनुभवों को जानने और समझने का भी मौका मिला।

उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य बदलते औद्योगिक परिवेश में श्रमिकों के हितों की रक्षा, यूनियनों को मजबूत करना और तकनीकी बदलावों के बीच बेहतर रोजगार एवं कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करने के लिए साझा रणनीति तैयार करना है। बैठक का समापन गुरुवार को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.