April 16, 2026

NEWS TEL

NEWS

अंबेडकर जयंती पर यूथ इंटक का आयोजन, बच्चों में बांटी शैक्षणिक सामग्री और शिक्षा का दिया संदेश

1 min read

जमशेदपुर: डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर झारखंड प्रदेश यूथ इंटक द्वारा एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अगुवाई प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने की। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पिछड़े वर्ग के बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया, ताकि उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा सके। साथ ही बच्चों और उनके अभिभावकों को शिक्षित होने के महत्व और उसके समाज पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सत्यम सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का पूरा जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता की मिसाल है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में रहकर शिक्षा हासिल की और समाज में फैले भेदभाव व असमानता के खिलाफ आवाज उठाई।

उनके प्रयासों से देश को एक सशक्त और समावेशी संविधान मिला, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का मानना था कि शिक्षा ही वह सबसे मजबूत हथियार है, जिससे व्यक्ति न केवल अपने जीवन को बेहतर बना सकता है, बल्कि पूरे समाज के भविष्य को भी दिशा दे सकता है।सत्यम सिंह ने आगे कहा कि आज के दौर में बढ़ती महंगाई और चुनौतियों के बावजूद अभिभावकों का यह कर्तव्य बनता है कि वे अपने बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाएं। यही डॉ. अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षित बनाकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें, ताकि वे समाज में एक सशक्त और जागरूक नागरिक बन सकें। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.