जमशेदपुर में बाल कवियों का जलवा, “उड़ान” कविता संग्रह का भव्य विमोचन
1 min read
जमशेदपुर: रेड क्रॉस भवन सभागार में 13 नवम्बर को बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा से सजा एक विशेष साहित्यिक आयोजन हुआ, जहां बाल कवियों द्वारा लिखित कविता संग्रह “उड़ान” का भव्य विमोचन किया गया। इस अनोखी पुस्तक में शहर के 58 बच्चों की कविताओं को शामिल किया गया है, जिनमें प्रकृति की सुंदरता, मां का स्नेह, पिता का संघर्ष, भाई-बहन का प्रेम जैसे भावनात्मक विषयों से लेकर आतंकवाद, सामाजिक मुद्दों और राजनीति जैसे गंभीर विषयों पर भी बच्चों ने अपनी परिपक्व सोच को अभिव्यक्ति दी है।

वरिष्ठ पत्रकार विकास श्रीवास्तव द्वारा परिकल्पित और संयोजित इस कविता संग्रह में वरुण प्रभात ने संपादन सहयोग दिया है। कार्यक्रम में कोऑपरेटिव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमर सिंह, साहित्यकार शैलेंद्र अस्थाना, ज्योत्सना अस्थाना, प्रभा जायसवाल, शिक्षाविद विपिन शर्मा, विवेक विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से पुस्तक का विमोचन किया। अतिथियों ने बच्चों की इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि “उड़ान” नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने वाली प्रेरक पहल है और इससे शहर में बाल साहित्य लेखन की परंपरा और मजबूत होगी।

कार्यक्रम का संचालन साहिल अस्थाना ने किया, जबकि उदय नारायण श्रीवास्तव, प्रेस क्लब अध्यक्ष संजीव भारद्वाज, पूरबी घोष, निधि श्रीवास्तव, जिला पार्षद उपाध्यक्ष पंकज, राजकुमार सिंह, राजीव दुबे सहित कई लोग मौजूद रहे।