September 16, 2025

NEWS TEL

NEWS

जमशेदपुर में दुर्गा पूजा की तैयारियों का खाका तैयार।

1 min read

न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की वार्षिक आम सभा शनिवार को बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की और महासचिव आशुतोष सिंह ने मंच संचालन किया। इस दौरान शहर की 317 दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष नंद जी सिंह ने आय-व्यय का ब्योरा रखा। ऑडिट रिपोर्ट प्रदीप दास ने पेश की, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होगा भव्य आयोजन
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि समिति प्रशासन के सहयोग से अनुशासन और सुरक्षा के साथ दुर्गा पूजा को भव्य रूप से संपन्न करेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्सव 22 सितंबर से शुरू होकर 2 अक्टूबर को विजयादशमी के साथ समाप्त होगा। सभी जोनल पदाधिकारियों को 20 दिनों के भीतर बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने सनातन संस्कृति को केंद्र में रखने और पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अनुशासन और सामूहिक सहयोग से होगी सफलता
संरक्षक ब्रजभूषण सिंह और भीष्म सिंह ने समिति के प्रयासों की सराहना की और पूजा समितियों को अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। महासचिव आशुतोष सिंह ने सभी समितियों से संयम, धैर्य और सहयोग बनाए रखने का अनुरोध किया। बैठक में प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव और समस्याएँ रखीं, जिनके समाधान का भरोसा केंद्रीय समिति ने दिया। बैठक में कई प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.