सोना देवी विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा रैली का आयोजन।
1 min read
                न्यूज टेल डेस्क: सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने आज ‘हर घर तिरंगा’ रैली का सफल आयोजन किया। रैली का नेतृत्व एनएसएस इकाई के सदस्य और सहायक प्राध्यापक कर रहे थे, जिसमें छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यह रैली विश्वविद्यालय द्वारा अंगीकृत किताडीह गांव में निकाली गई, जहां ग्रामीणों में देशभक्ति की भावना का संचार किया गया। इस दौरान एनएसएस टीम ने किताडीह आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों को तिरंगा भेंट किया और उनके साथ देशभक्ति के नारे लगाए। रैली की शुरुआत कुलपति डॉ. जे.पी. मिश्रा और कुलसचिव डॉ. गुलाब सिंह आजाद ने तिरंगा लहराकर की।

कुलपति ने तिरंगे को बताया स्वाभिमान का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. जे.पी. मिश्रा ने कहा कि तिरंगा हमारे देश के स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने इस पहल को प्रतिवर्ष आयोजित करने का संकल्प लिया और सभी से इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने न केवल ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज का महत्व बताया, बल्कि स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साह और गर्व भी जगाया।

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान
हर घर तिरंगा अभियान, आजादी का अमृत महोत्सव के तहत 2022 में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज से जोड़कर एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलने वाला यह राष्ट्रव्यापी अभियान अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें हर भारतीय को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।