बिहार कांग्रेस कार्यालय में भिड़े कार्यकर्ता: पूर्व एमएलसी अजय सिंह घायल, वायरल वीडियो से खुली पार्टी की अंदरूनी कलह
1 min read
बिहार:बिहार में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। आरा जिले में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। यह पूरा मामला कांग्रेस के प्रभारी सचिव और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव की मौजूदगी में हुआ। इस घटना में पूर्व एमएलसी अजय सिंह समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए हैं।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यकर्ता एक-दूसरे के साथ मारपीट करते हुए और कपड़े खींचते नजर आ रहे हैं। झड़प के दौरान अजय सिंह गुट के एक कार्यकर्ता के सिर में गंभीर चोट लगी। झगड़ा इतना बढ़ गया कि माहौल पूरी तरह बेकाबू हो गया। इस दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों को भी हालात संभालने में परेशानी हुई।

घायल कार्यकर्ता की पहचान नावादा थाना क्षेत्र के सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है, जिनके पिता शिवकुमार सिंह कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके हैं। स्थानीय थाना प्रभारी विपिन बिहारी ने बताया कि विवाद के दौरान नारेबाजी से मामला उग्र हुआ। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है। इस घटना से कांग्रेस की छवि को नुकसान हुआ है और विपक्ष को पार्टी पर निशाना साधने का एक और मौका मिल गया है।