झारखंड में भाजपा बनाएगी नया प्रदेश अध्यक्ष, दौड़ में शामिल 5 प्रमुख चेहरे
1 min read
झारखंड:भारतीय जनता पार्टी झारखंड में नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश में जुट गई है। इसको लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष रांची पहुंचे और पार्टी कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों से अलग-अलग मुलाकात की। बैठक में वर्तमान अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे। चर्चा का मुख्य विषय था—नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए संभावित नामों पर विचार करना।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष की रेस में पांच नाम सबसे आगे हैं—राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल और रांची विधायक सी.पी. सिंह। इनमें से कई नाम पिछड़ा वर्ग से आते हैं, इसलिए संभावना है कि ओबीसी समाज से आने वाले किसी नेता को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। यदि सामान्य वर्ग से चयन होता है, तो सीपी सिंह प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे राष्ट्रीय नेताओं से दिल्ली में भी मुलाकात कर चुके हैं।

भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर भी नेतृत्व बदलाव की प्रक्रिया में है और कई राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा की जा चुकी है। अब झारखंड की बारी है। इसी बीच बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रांची पहुंचने वाले हैं, जहां वे प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों से मिलकर राजनीतिक दिशा पर चर्चा करेंगे। उनके आगमन को पार्टी के संगठनात्मक बदलाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है।