जदयू महिला मोर्चा 19 जून को आयोजित करेगा महिला सम्मान सम्मेलन।


न्यूज टेल डेस्क: जमशेदपुर: जनता दल (यूनाइटेड) महिला मोर्चा की ओर से 19 जून को एक भव्य महिला सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अपराह्न 2 बजे से संध्या 5 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रेणु पाणिकर शिरकत करेंगी। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू महिला मोर्चा पूर्वी सिंहभूम की अध्यक्ष अमृता मिश्रा करेंगी।
कार्यक्रम के दो मुख्य उद्देश्य।
इस आयोजन को लेकर अमृता मिश्रा ने बताया कि महिला सम्मेलन के पीछे दो मुख्य उद्देश्य हैं—पहला, सदस्यता अभियान को बढ़ावा देना और दूसरा, महिलाओं का सम्मान करना। मिश्रा के अनुसार, जमीनी स्तर पर वर्षों से काम कर रही कई महिलाओं को अब तक उनकी मेहनत के लिए उचित पहचान नहीं मिली है।
महिलाओं की कार्यक्षमता को मिलेगा प्रोत्साहन
अमृता मिश्रा ने कहा कि चाहे वे महिलाएं पार्टी से जुड़ी हों या समाज के अन्य क्षेत्रों से, सम्मान मिलने से उनके आत्मविश्वास और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। यही सोच लेकर इस सम्मेलन में उन महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने बिना किसी अपेक्षा के लगातार समाज और संगठन के लिए कार्य किया है।