नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में करियर जंक्शन 5.0 का आयोजन
1 min read
साकची:नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय ने शनिवार को साकची स्थित बंगाल क्लब में करियर जंक्शन 5.0 का आयोजन किया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय द्वारा विगत 5 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके करियर के बारे में उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है। कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों, उनकी महत्ता और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई, साथ ही कैम्पस प्लेसमेंट की भी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में कई स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ विद्यार्थी अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार संबंधित कोर्स की जानकारी ले सकते थे। इस दौरान सैकड़ों विद्यार्थी आए और अपनी शंकाओं का समाधान किया। अनेक विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में ऑन-द-स्पॉट एडमिशन भी लिया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रो. प्रभात कुमार पाणी ने बताया कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और करियर में आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के फैकल्टी मेंबर्स ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और विभिन्न शैक्षणिक विषयों में संचालित पाठ्यक्रमों, शिक्षा उपरांत रोजगार की संभावनाओं और वर्तमान समय की चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। दिन के अंत तक काफी संख्या में विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में अपना नामांकन करवाया। इस तरह के करियर काउंसिल फेयर से विद्यार्थियों को अपने भविष्य के बारे में समझने का अवसर मिला और वे लाभान्वित हुए ।