छठ पूजा से पहले मानगो के छठ घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
1 min read
जमशेदपुर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मानगो नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 27 अक्टूबर 2026 को मेयर सुधा गुप्ता और अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव ने मानगो क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान इंटेकवेल, कुंवर बस्ती, चाणक्यपुरी, वास्तु विहार, कृष्णा नगर, श्याम नगर, रामनगर और शंकोसाई छठ घाट का निरीक्षण किया गया। मेयर ने संबंधित अधिकारियों को घाटों के चबूतरों की मरम्मत, सीढ़ियों के रंग-रोगन, पर्याप्त रोशनी, चेंजिंग रूम और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने घाटों की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए सभी कार्य छठ महापर्व से पहले पूरा करने को कहा। नगर निगम का उद्देश्य व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।