सारंडा जंगल में मिले दो शक्तिशाली केन बम, बम निरोधक दस्ते ने किया निष्क्रिय
जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहरूदा गांव के पास कोयना नदी किनारे पगडंडी पर जमीन में छिपाकर रखे गए दो शक्तिशाली केन बम बरामद किए गए।
193वीं बटालियन सीआरपीएफ और छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान जवानों को ये विस्फोटक मिले। इसके बाद इलाके की घेराबंदी कर बम निरोधक दस्ते ने दोनों बमों को सुरक्षित निष्क्रिय कर दिया। एसपी अमित रेनू ने बरामदगी की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि घटनास्थल कुछ महीने पहले हुई बड़ी मुठभेड़ स्थल से महज डेढ़ से दो किलोमीटर दूर है। उस मुठभेड़ में एक करोड़ के इनामी अनल दा और 50 लाख के इनामी अनमोल दा समेत 17 नक्सली मारे गए थे।