तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
1 min read
सरायकेला: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में स्वास्थ्यकर्मियों को तंबाकू नियंत्रण कानून, इसके दुष्परिणाम, परामर्श एवं उपचार की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध, शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू बिक्री पर रोक तथा निकोटीन गम एवं पैच से उपचार की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और ग्रामीण क्षेत्रों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।
कार्यशाला में स्वास्थ्यकर्मियों को तंबाकू छोड़ने के लिए पांच ए और पांच आर परामर्श तकनीक की जानकारी दी गई। अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वयं तंबाकू का सेवन नहीं करने और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।