जमशेदपुर: ओवरलोड छात्रों से भरा टेंपो पलटा, चार बच्चे घायल
1 min read
जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह छात्रों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार छात्र घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, टेंपो हल्दीपोखर मुस्लिम बस्ती से विद्यार्थियों को विद्या भारती इंग्लिश स्कूल, हाता लेकर जा रहा था। इसी दौरान मुबारक बस्ती के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टेंपो सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार से हड़कंप मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को टेंपो से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज किया गया। फिलहाल सभी घायल बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टेंपो में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया गया था। ओवरलोडिंग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।