ऑपरेशन के बाद भी घर नहीं पहुंच पाया 12 वर्षीय सबर बालक, 48 घंटे से एंबुलेंस का इंतजार
1 min read
चाकुलिया : एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। चाकुलिया के मुड़ाठाकुरा गांव निवासी 12 वर्षीय अनाथ सबर बालक सोमनाथ सबर जांघ की टूटी हड्डी का ऑपरेशन होने के बाद भी घर नहीं पहुंच पा रहा है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के 48 घंटे बाद भी उसे एंबुलेंस उपलब्ध नहीं करायी गयी है।
सोमनाथ के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है। खेलते समय उसकी जांघ की हड्डी टूट गयी थी। आर्थिक तंगी के कारण वह करीब एक महीने तक घर में खाट पर पड़ा रहा। प्रभात खबर में उसकी बदहाल स्थिति की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया।
शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे घर पहुंचाने के लिए एंबुलेंस देने की बात कही गयी थी, लेकिन अब तक व्यवस्था नहीं हुई। उसकी बुआ भी बच्चे के साथ अस्पताल में घर लौटने का इंतजार कर रही हैं। इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन की संवेदनशीलता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिये हैं।