दीपावली, कालीपूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
जमशेदपुर: दीपावली, कालीपूजा और छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को डीसी राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर कई निर्देश दिए गए। डीसी ने बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने तथा आमबगान सहित प्रमुख बिक्री स्थलों पर दमकल वाहन तैनात करने को कहा।
खाद्य सुरक्षा विभाग को बाजारों और मिठाई दुकानों में मिलावट एवं गुणवत्ता की जांच का निर्देश दिया गया। कालीपूजा प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर लाइट, सफाई और बैरिकेडिंग की व्यवस्था होगी। वहीं, छठ घाटों पर सफाई, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ गोताखोर, नाव और लाइफ जैकेट उपलब्ध रहेंगे। घाटों की निगरानी ड्रोन से की जाएगी।