October 20, 2025

NEWS TEL

NEWS

एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार पहुंचे रांची, पार्टी के राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित

राँची: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने रांची में पार्टी के कार्यक्रम के दौरान केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। रांची के हरमू मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शरद पवार ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि, वहां की सरकार को अस्थिर करने और सत्ता पर कब्जा करने के लिए पूरी केंद्र सरकार लगी हुई है। पश्चिम बंगाल ही नहीं बल्कि तमिलनाडु, केरल समेत अन्य राज्यों में भी भाजपा की यही कार्य नीति है। उन्होंने कहा कि, भाजपा जहां भी होती है वहां भाईचारे को खत्म कर देती है। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, एनसीपी सिर्फ थाली बजाने वाली पार्टी नहीं है बल्कि, उस थाली में भोजन भी उपलब्ध कराती है।

किसान आंदोलन के 100 दिन पूरा होने पर शरद पवार ने कहा कि, देश के प्रधानमंत्री को पूरी दुनिया घूमने के लिए समय है लेकिन किसानों के पास जाने के लिए वक्त नहीं है। महेंद्र सिंह धोनी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि, झारखंड की पहचान माही से जुड़ी हुई है। भगवान बिरसा मुंडा की भूमि को आज पूरी दुनिया जानती है। प्रदेश में एनसीपी संगठन को मजबूत करने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि, आने वाले दिनों में पार्टी संगठन का विस्तार करेगी। आपको बता दें कि, झारखंड में एनसीपी के एकमात्र विधायक हुसैनाबाद से कमलेश कुमार सिंह हैं।

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.