सीनी-राजखरसावां रेलखंड में विकास कार्य, 12 जोड़ी ट्रेनें रहेंगी रद्द
1 min read
जमशेदपुर : सीनी-राजखरसावां रेलखंड में विकास कार्य के चलते 23 नवंबर 2026 से 16 जनवरी 2027 तक रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। करीब 56 दिनों तक चलने वाले इस कार्य को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। अलग-अलग तारीखों में 12 जोड़ी ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं, दो ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ आद्रा स्टेशन से होगा। उत्कल और साउथ बिहार एक्सप्रेस समेत दो प्रमुख ट्रेनों का परिचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
रद्द होने वाली ट्रेनों में चाकुलिया-टाटानगर-बारबिल मेमू, टाटानगर-गुवा मेमू, राउरकेला-टाटानगर मेमू, आदित्यपुर-गुवा मेमू, टाटानगर-चाईबासा मेमू, हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी और टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस शामिल हैं। इस बदलाव से टाटानगर, चाईबासा, चक्रधरपुर समेत आसपास के रेल यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी लेने की अपील की है।