स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर, कौशल प्रशिक्षण की हुई समीक्षा
1 min read
सरायकेला। समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा की अध्यक्षता में कौशल विकास, आजीविका, रोजगार सृजन एवं नाबार्ड से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में युवाओं को उनकी रुचि और योग्यता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया। डीडीसी ने प्रशिक्षित युवाओं का नियमित फॉलोअप करने, उन्हें बैंक ऋण व सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा स्थानीय उद्योगों से जोड़ने के निर्देश दिए। पीएमएफएमई योजना के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कराने और पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। श्रम एवं नियोजन विभाग को नियमित रोजगार मेला एवं भर्ती कैंप आयोजित कर स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना होना चाहिए। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षण केंद्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।