अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोना देवी विश्वविद्यालय में योग संगम का आयोजन, मिला केंद्रीय मंत्रालय का प्रमाण पत्र
घाटशिला:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के विवेकानंद ऑडिटोरियम में रविवार को ‘योग संगम’ कार्यक्रम के तहत सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की योग प्रशिक्षक कोमल सिन्हा के नेतृत्व में कुलसचिव डॉ. नित नयना, सहायक प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि योग दिवस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी और सफल आयोजन के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव, आयुष मंत्रालय तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सोना देवी विश्वविद्यालय को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की।गौरतलब है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में योगाभ्यास किया, वहीं देशभर के शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संगठनों में बड़ी संख्या में लोगों ने योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘स्वस्थ भारत’ के आह्वान से प्रेरित होकर देशभर में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि सोना देवी विश्वविद्यालय में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा (योग एंड नेचुरोपैथी) से संबंधित स्कूल का भी सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को योग और प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों की शिक्षा दी जा रही है।
