पोटका में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, छात्राओं ने लिया नियमित योग का संकल्प
1 min read
पोटका:अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, जमशेदपुर के तत्वावधान में पीएम कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), पोटका में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र में ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, अनुलोम-विलोम तथा कपालभाति का अभ्यास कराया गया तथा इनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जिला युवा अधिकारी मंटू पातर ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से स्वस्थ रहता है।

उन्होंने सभी को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन रूमा हल्दार, शिक्षिका ज्योति कुमारी, प्रमिला मैडम, सुचिता कुमारी, काजल कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। वहीं पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक (एनवाईवी) डोबो चाकिया तथा मेरा युवा भारत के कर्मी कृष्णा भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
