जमशेदपुर में राज्य स्तरीय इंडियन एबेकस एवं मेंटल अरिथमेटिक प्रतियोगिता 2025 का सफल आयोजन
जमशेदपुर: साकची स्थित बारी मैदान क्लब हाउस में 21 दिसंबर 2025 को राज्य स्तरीय इंडियन एबेकस एवं मेंटल अरिथमेटिक प्रतियोगिता 2025 का सफल आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड भर से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएसआईआर–नेशनल मेटलर्जिकल लेबोरेटरी, जमशेदपुर के वैज्ञानिक डॉ. निखिल कुमार रहे, जिन्होंने प्रतिभागी बच्चों की लगन, अनुशासन और असाधारण मानसिक क्षमताओं की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर उनकी एकाग्रता, कल्पनाशक्ति और मानसिक क्षमता का आकलन करना तथा मानसिक गणित के माध्यम से उनके संज्ञानात्मक विकास को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी बच्चों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन को टीम इंडियन एबेकस झारखंड द्वारा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। इस अवसर पर इंडियन एबेकस झारखंड के स्टेट हेड संजीव सिंह ने बताया कि छात्र पिछले तीन महीनों से इस प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे थे और यह मंच न केवल गणितीय गति व शुद्धता को बढ़ाता है, बल्कि बच्चों में एकाग्रता, कल्पनाशक्ति, मानसिक क्षमता और आत्मविश्वास जैसे गुणों का भी विकास करता है। कार्यक्रम को लेकर अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने आयोजन की सराहना की।
