मुंबई में चमका जमशेदपुर का सितारा, अजय रॉय ने बढ़ाया शहर का मान।
1 min read

न्यूज टेल डेस्क: मुंबई में आयोजित खज़ाना आर्टिस्ट अलाउड टैलेंट हंट 2025 (ग़ज़ल श्रेणी) में जमशेदपुर के युवा कलाकार अजय रॉय ने अपने सुरों का जादू बिखेरते हुए टॉप 13 फाइनलिस्ट में जगह बनाई। देशभर से आए करीब 200 प्रतिभागियों में से चुने गए अजय ने बताया कि इस मंच पर प्रदर्शन करना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, “ऐसे प्रतिष्ठित और अनुभवी उस्तादों के सामने गाना और उनका आशीर्वाद पाना मेरे जीवन का अविस्मरणीय अनुभव है।”

दिग्गजों के सामने पेश की ग़ज़ल, अनूप जलोटा के निवास पर मिला साक्षात्कार का अवसर।
प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा, बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका रेखा भारद्वाज, जानी-मानी ग़ज़ल गायिका पेनाज़ मसानी और प्रसिद्ध संगीतकार सुदीप बनर्जी जैसे दिग्गज शामिल थे। अजय रॉय ने बताया कि मुंबई प्रवास के दौरान उन्हें पद्मश्री अनूप जलोटा जी के निवास स्थान पर उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलने और मार्गदर्शन प्राप्त करने का भी अवसर मिला, जो उनके करियर की एक बड़ी उपलब्धि है।

शिक्षक, कलाकार और साधक—जमशेदपुर की मिट्टी से निकला सुरों का दीप।
अजय रॉय मूल रूप से आदित्यपुर के निवासी हैं। उन्होंने करीम सिटी कॉलेज और को-ऑपरेटिव कॉलेज से अपनी शिक्षा पूरी की है। वर्तमान में डी. बी. एम. एस. कदमा हाई स्कूल में संगीत शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। ग़ज़ल गायकी की विधिवत तालीम उन्होंने जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के संगीत शिक्षक डॉ. सनातन दीप से ली है। अजय का यह सफर न केवल उनके लिए, बल्कि जमशेदपुर के हर युवा कलाकार के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
