जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026-27 का भव्य आयोजन संपन्न
1 min read
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल में 30 अक्टूबर 2026 को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जिला स्तरीय युवा उत्सव–2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। इसका आयोजन खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, मेरा युवा भारत (नेहरू युवा केंद्र), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
“नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” थीम पर आयोजित इस उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 250 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उत्सव में सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी, जिला युवा पदाधिकारी मोंटू पातर, जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. कमल कुमार महतो सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में मेरा युवा भारत, एनएसएस एवं जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।