September 16, 2025

NEWS TEL

NEWS

कविता कहानी लिखो प्रतियोगिता के विजेताओं को किया गया सम्मानित।

1 min read

न्यूज टेल डेस्क : । छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में मंगलवार को अंतर विद्यालय कविता कहानी लिखो प्रतियोगिता 2025 के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वन पदाधिकारी संघ के चेयरमैन दिग्विजय सिंह, विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह, युवा कवि-साहित्यकार वरुण प्रभात, शिक्षक राजीव दुबे और पत्रकार विकास श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका जयश्री ने किया। मुख्य अतिथि दिग्विजय सिंह ने बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने की इस पहल को सराहनीय बताया और कहा कि साहित्य की ओर बच्चों का झुकाव बनाए रखना आज के समय में अत्यंत आवश्यक है।

बच्चों संग अतिथियों ने भी सुनाई कविताएं
कार्यक्रम में बच्चों और अतिथियों ने कविता पाठ कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संत जेवियर स्कूल, गम्हरिया की दिव्यांशी मिश्रा ने महिलाओं की पीड़ा पर आधारित कविता प्रस्तुत की, जबकि विवेक विद्यालय की छात्रा भाग्यश्री ने कोलकाता के एक डॉक्टर के साथ हुई घटना को अपनी कविता में अभिव्यक्त किया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। विद्या भारती चिन्मया विद्यालय की शिक्षिका प्रतिभा सिंह और विवेक विद्यालय की जयश्री ने भी कविता पाठ किया। वहीं वरुण प्रभात और राजीव दुबे ने वर्तमान राजनीति और पारिवारिक परिस्थितियों पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कर दर्शकों से खूब सराहना पाई।

प्रतियोगिता के विजेताओं की सूची घोषित
प्रतियोगिता में चार समूहों के अंतर्गत कविता और कहानी श्रेणी में विजेताओं का चयन किया गया। कविता प्रतियोगिता में कक्षा 3-5 के समूह में माही कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 6-7 में भाग्यश्री प्रथम रहीं, जबकि कक्षा 8-10 में जीत सरकार ने बाजी मारी। कक्षा 11-12 समूह में आदित्य कुमार प्रथम स्थान पर रहे। कहानी लेखन में कक्षा 6-7 के समूह में अंशुमान कुमार प्रथम रहे, वहीं कक्षा 8-12 में आदर्श कुमार मिश्र ने प्रथम स्थान हासिल किया। आयोजन कैंपस और वीआर मीडिया एंड प्रोडक्शन की ओर से किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.