झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से होगा शुरू
1 min read
News Tel/Desk(Rishu Singh)- झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से होगा। यह सत्र छह दिनों का होगा। पहले दिन की शुरुआत दिन के 11 बजे से होगी। इस सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो बैठक करेंगे। वे सर्वदलीय बैठक के अतिरिक्त दो अन्य बैठक भी करेंगे। पहली बैठक राज्य सरकार के आला अधिकारियों के साथ और दूसरी बैठक पत्रकारदीर्घा समिति के साथ होगी।

झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में पहली बार नेता प्रतिपक्ष भी होंगे। पांचवें झारखंड विधानसभा का कोई ऐसा सत्र आयोजित नहीं हुआ, जिसमें नेता प्रतिपक्ष हो। शीतकालीन सत्र में पहली बार अमर बाउरी नेता प्रतिपक्ष की कमान सदन में संभालते हुए नजर आएंगे। उनके नेतृत्व में ही भाजपा अपनी रणनीति तय करेगी।

शीतकालीन सत्र को लेकर आज सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अलग-अलग बैठक करेंगे। झामुमो की बैठक दिन के एक बजे से मुख्यमंत्री कार्यालय में होगी। जबकि शाम सात बजे भाजपा विधायक दल की बैठक पार्टी कार्यालय में होगी। भाजपा जहां भ्रष्टाचार, राज्य में विधि-व्यवस्था और धीरज साहू के मामले को मुद्दा बनाने की तैयारी में है। वहीं, विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने की तैयारी सत्ता पक्ष कर रहा है।
- 15 दिसंबर 2023 : शपथ ग्रहण या प्रतिज्ञान ग्रहण (यदि हो), शोक सभा
- 16 दिसंबर 2023 : बैठक नहीं होगी
- 17 दिसंबर 2023 : बैठक नहीं होगी
- 18 दिसंबर 2023 : प्रश्नकाल, द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरण रखा जाएगा
- 19 दिसंबर 2023 : प्रश्नकाल, द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरण पर सामान्य वाद-विवाद, मतदान, विनियोग विधेयक उपस्थापन
- 20 दिसंबर 2023 : प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक व कार्य
- 21 दिसंबर 2023 : प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक व कार्य, गैर-सरकारी सदस्यों का कार्य