November 5, 2025

NEWS TEL

NEWS

वरीय भाजपा नेता मैनेजर प्रसाद के निधन पर भाजपा में शोक की लहर, पूर्व सीएम, जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने जताया गहरा शोक

जमशेदपुर। जनसंघ काल से भारतीय जनता पार्टी को सींचने वाले, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सदस्य एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के कई महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित करने वाले टेल्को निवासी मैनेजर प्रसाद का रविवार को निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। उनके असामयिक निधन से जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्त्ताओ में शोक की लहर है। भाजपा ने उन्हें आदर्श एवं प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मैनेजर प्रसाद के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि मैनेजर प्रसाद जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने अपने कर्तव्यनिष्ठा से संगठन को सशक्त बनाने में अपना जीवन समर्पित कर दिया। संगठन में लंबे समय तक कार्यकर्ताओं को उनका मार्गदर्शन मिला। अपने सरलता, सक्रियता, जुझारूपन और निष्ठा से उन्होंने शहर के हजारों कार्यकर्ताओं को संस्कारित करने का कार्य किया। एक अभिभावक के रूप में उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति एवं परिवारजनों को इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करें।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने मैनेजर प्रसाद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आज संगठन ने ना सिर्फ एक वरिष्ठ अभिभावक खोया है, बल्कि परिवार का एक ऐसा अभिन्न सदस्य भी खोया है, जिनका साथ, आशीर्वाद और मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को निरंतर प्राप्त होता रहा। उनका सम्पूर्ण जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष गुँजन यादव ने भी वरिष्ठ नेता मैनेजर प्रसाद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मैनेजर प्रसाद जी ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक, राजनीतिक एवं धार्मिक न्याय की लड़ाई में समर्पित कर दिया। जनसंघ काल के दौरान संघर्ष के दिनों में कुशल नेतृत्वकर्ता के रूप में उन्होंने मुखरता से नेतृत्व किया एवं अपने सहकर्मियों के साथ, वर्तमान युवा पीढ़ी को भी मार्गदर्शन प्रदान क़िया। एक अभिभावक के रूप में उनका चले जाना पार्टी एवं सामाजिक स्तर पर बड़ी क्षति है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं।

कल होगा अंतिम संस्कार: वरिष्ठ भाजपा नेता मैनेजर प्रसाद का अंतिम संस्कार सोमवार को भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा सोमवार सुबह 10 बजे टेल्को स्थित केएल 21/5, राम मंदिर के समीप, रोड नंबर 26 से भुइयांडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट के लिए प्रस्थान करेगी।

मैनेजर प्रसाद के निधन पर पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजन सिंह, जिला महामंत्री राकेश सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी, जिला उपाध्यक्ष सुधांशु ओझा, संजीव सिन्हा, जिला प्रवक्ता प्रेम झा समेत सैकड़ो अन्य कार्यकर्ताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.