झारखंड में वक्फ संशोधन कानून लागू नहीं होगा: मंत्री हफीजुल हसन का बयान

झारखंड:झारखंड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन ने बुधवार को स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य में वक्फ संशोधन कानून लागू नहीं किया जाएगा। रांची स्थित कडरू हज हाउस में आयोजित हज प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने यह बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कानून भाजपा द्वारा मुस्लिम समुदाय को परेशान करने के उद्देश्य से संसद में लाया गया है।

हज प्रशिक्षण शिविर में झारखंड स्टेट हज कमेटी के चेयरमैन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी मौजूद रहे। उन्होंने जायरीनों को हर संभव सुविधा देने की बात कही और कहा कि हज यात्रा को सरल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार पूरी तरह तत्पर है। इस दौरान हज यात्रियों को यात्रा से संबंधित नियम, स्वास्थ्य सुरक्षा और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

इस वर्ष झारखंड से कुल 1301 लोग हज पर जाएंगे, जिन्हें कोलकाता से उड़ान भरनी होगी। एक यात्री को लगभग 3.58 लाख रुपये का खर्च वहन करना होगा, जिसमें कुर्बानी शुल्क अलग है। 9 हज इंस्पेक्टरों की टीम हज यात्रियों की सहायता के लिए नियुक्त की गई है, जिसमें एक महिला इंस्पेक्टर भी शामिल हैं।