रामगढ़ में कर्णधार संस्था का विराट कवि सम्मेलन सफल, देशभर के कवियों ने बांधा समां
1 min read
जमशेदपुर:रामगढ़ में कर्णधार संस्था द्वारा 5 अप्रैल 2026 को होटल शिवम इन में आयोजित विराट कवि सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें देश के विभिन्न शहरों से आए प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कर्णधार संस्था, जो कला, संस्कृति, साहित्य और जनसेवा को समर्पित एक सक्रिय सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन है, के संस्थापक विक्रांत गुप्ता, अध्यक्ष जयदीप सोनी तथा संयोजक राकेश श्रीवास्तव ‘नाजुक’ के नेतृत्व और परिश्रम से यह भव्य आयोजन संभव हो सका। कार्यक्रम में गोविंद गजब (लखनऊ), संदीप शरारती (रायबरेली), शालिनी साहिब (रांची), अंकित सिंह (रांची), सरोज झा ‘झारखंडी’ (भुरकुंडा), चंद्रिका ठाकुर ‘देशदीप’ (बिहार), राज रामगढ़ी एवं सीताराम जी (रामगढ़) सहित कई कवियों ने काव्य पाठ किया। इस अवसर पर स्थानीय युवा और वरिष्ठ कवियों को सम्मानित करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के कवियों के साथ मंच साझा करने का अवसर दिया गया, जो उनके लिए प्रेरणादायक साबित हुआ। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विक्रांत गुप्ता की फिल्म “रैना” का विमोचन रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मशुर बी थापा (लेफ्टिनेंट कर्नल, सीआरओ एसआरसी, रामगढ़) तथा विशिष्ट अतिथि विजय मेवाड़ की उपस्थिति रही। साथ ही शहर के उद्योगपतियों और साहित्यकारों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया। इस सफल आयोजन के लिए कर्णधार संस्था के सभी सदस्यों और पदाधिकारियों को उपस्थित जनसमूह ने सराहा, वहीं इसे रामगढ़ की सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

