जमशेदपुर में चक्का जाम से पहले हिंसा, यूनियन अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर 20 लोगों ने किया हमला
1 min read
जमशेदपुर:ड्राइवरों के उचित मानदेय की मांग को लेकर 11 फरवरी को प्रस्तावित चक्का जाम हड़ताल से पहले जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के अध्यक्ष जयकिशोर सिंह पर मंगलवार देर रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना बर्मामाइंस स्थित यूनियन कार्यालय के पास मुख्य सड़क पर घटी, जहां करीब 20 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में जयकिशोर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही यूनियन के पदाधिकारी और उनके समर्थक मौके पर पहुंचे और घायल अध्यक्ष को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि यूनियन से जुड़े लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

जयकिशोर सिंह ने इस हमले के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुए कहा है कि कंपनी के पदाधिकारी अजित वर्मा से जुड़े लोगों और टाटा कंपनी के कुछ वेंडरों ने मिलकर यह हमला कराया है। उनका आरोप है कि ड्राइवरों के मानदेय बढ़ाने को लेकर चल रहे आंदोलन को कमजोर करने और चक्का जाम को विफल करने की नीयत से यह हमला किया गया है।फिलहाल मामले को लेकर पुलिस को सूचना दे दी गई है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
