March 22, 2026

NEWS TEL

NEWS

रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह में शुरू हुआ दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद समारोह 2026

1 min read

जमशेदपुर:रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह का दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद समारोह 2026 विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा, उत्साह और समर्पण के नाम रहा। समारोह का उद्घाटन गुब्बारे उड़ाकर एवं मशाल प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एनएसएस प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर, कोल्हान विश्वविद्यालय एवं वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. दारा सिंह गुप्ता तथा संस्थान के अध्यक्ष श्री राम बचन जी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. दारा सिंह गुप्ता ने कहा कि खेलकूद न केवल हमें तनावमुक्त रखता है, बल्कि आज के समय में यह करियर की दृष्टि से भी अनेक संभावनाएं प्रदान करता है। वहीं अध्यक्ष श्री राम बचन जी ने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब वे शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेल के मैदान में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें, क्योंकि खेल से शरीर और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं। इस अवसर पर सचिव गौरव बचन एवं सहसचिव विवेक बचन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा ईश्वर वंदना से हुई, जिसके बाद एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. भूपेश चंद ने विद्यार्थियों को सच्ची खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। खेलकूद समारोह के पहले दिन इनडोर एवं आउटडोर दोनों प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें 100 मीटर दौड़, डिस्कस थ्रो, स्किपिंग रेस, जैवलिन थ्रो, हाई जंप, लॉन्ग जंप और कबड्डी शामिल थीं।

समारोह को सफल बनाने में प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर सहित सभी व्याख्याता गणों का सहयोग रहा। विशेष रूप से असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सतीश चंद्र, दीपिका महतो, डॉ. दिनेश कुमार यादव, डॉ. किशन कुमार शर्मा, संध्या, मोनीषा संतरा और शीतल कुमारी का उल्लेखनीय योगदान रहा, जबकि संचालन की जिम्मेदारी डॉ. गंगाभोला एवं डॉ. सुमन लता ने निभाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। पहले दिन के खेल परिणामों में 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में शिवा सरदार प्रथम, रिशु राज द्वितीय और राज दीप तृतीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में भूमिका टुबिद प्रथम, रानी सवाईन द्वितीय और भवानी कुंकल तृतीय रहीं। विभिन्न अन्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर खेल भावना का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.