बागबेड़ा गोलीकांड का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार।

न्यूज टेल डेस्क: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ला में 17 सितंबर की शाम हुई गोलीकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी बादल समासी और करण पात्रो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दिन रात करीब साढ़े सात बजे मोहल्ले के रहने वाले पोपो मुण्डा को अपराधियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था।

छापामारी में बरामद हुई पिस्टल और मैगजीन
घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक और विधि व्यवस्था डीएसपी की देखरेख में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गुरुवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांधी नगर स्थित बादल समासी के घर पर छापामारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक देशी पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई।

आरोपियों ने कबूला जुर्म, नया केस दर्ज
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी बादल समासी (21) के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है, जबकि दूसरा आरोपी करण पात्रो (17) नाबालिग है। पुलिस ने हथियार बरामदगी को लेकर बागबेड़ा थाना कांड संख्या 98/2025 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मामला दर्ज किया है।