नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, युवाओं को राष्ट्रसेवा का संदेश
1 min read
जमशेदपुर:नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में शहीद दिवस के अवसर पर गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दो मिनट का मौन रखकर की गई। इस दौरान वक्ताओं ने शहीदों के अद्वितीय बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि 23 मार्च केवल एक तिथि नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के साहस और बलिदान का प्रतीक है, जिनसे प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना हम सभी का कर्तव्य है। वहीं कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणि ने शहीद दिवस को स्वतंत्रता के लिए दिए गए अनगिनत बलिदानों की याद दिलाने वाला दिवस बताते हुए युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनने और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने भी शहीदों के बलिदान को सदैव प्रेरणादायक बताते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संदेश दिया।इस अवसर पर प्रशासनिक अधिष्ठाता प्रो. नाजिम खान, अकादमिक अधिष्ठाता प्रो. दिलीप शोम, मुख्य वित्त अधिकारी वाई. ज्योति, परीक्षा नियंत्रक प्रो. मोईज़ अशरफ़ सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और शहीदों के सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण मंच भी साबित हुआ।

