श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में थर्ड ग्रेजुएशन सेरेमनी, विद्यार्थियों को मिला सम्मान और प्रमाण पत्र
1 min read
जमशेदपुर:आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार 11 अप्रैल 2026 को महाविद्यालय का थर्ड ग्रेजुएशन सेरेमनी धूमधाम से आयोजित किया गया। इस समारोह में सत्र 2019-21, 2020-22, 2021-23 तथा 2022-24 के विद्यार्थी शामिल हुए और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ प्रभात कुमार तथा विशिष्ट अतिथि डॉ दारा सिंह गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।मुख्य अतिथि डॉ प्रभात कुमार ने अपने संबोधन में नव-प्रशिक्षित शिक्षकों को बच्चों की अवधारणाओं को स्पष्ट करने, कार्यस्थल की राजनीति से दूर रहने और जीवन में आने वाली असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ दारा सिंह गुप्ता ने कहा कि यह प्रमाण पत्र सिर्फ एक कागज नहीं बल्कि जीवनभर साथ रहने वाली उपलब्धि है, जिसका उपयोग समाज को शिक्षित करने में होना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय के एनएसएस योगदान की भी सराहना की और कहा कि शिक्षकों के माध्यम से ही नई शिक्षा नीति के लक्ष्यों को पूरा किया जा सकता है।इससे पूर्व संस्था के अध्यक्ष सुखदेव महतो ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यार्थियों को आदर्श शिक्षक बनने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया।

प्राचार्या डॉ मौसुमी महतो ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा स्मारिका (सोवेनियर) का विमोचन किया गया और अकादमिक शोभायात्रा भी निकाली गई।कार्यक्रम में सभी पूर्व विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही बीएड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सत्र 2020-22 की पूजा कुमारी और सत्र 2021-23 के संदीप कुमार को स्वर्ण पदक एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति की सदस्या श्रीमती अनिता महतो सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी उपस्थित रहे।
