32 लाख का लूट, चेंबर ने 72 घंटे के अंदर रकम व अपराधियों की गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की दी धमकी
1 min read
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत छगनलाल दयालजी एंड संस ज्वेलर्स के दो कर्मचारियों से बिष्टुपुर स्थित केनरा बैंक के पास दिनदहाड़े 32 लाख रुपए की लूट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। एक ओर कोल्हान के तमाम व्यवसायिक संगठनों की चेंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले बिष्टुपुर चेंबर भवन में इस मामले को लेकर सोमवार की शाम बैठक हुई।
जिसमें शहर की गिरती विधि व्यवस्था पर चिंता प्रकट करते हुए कहा गया कि यदि 72 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम बरामद नहीं होती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। साथ ही शहर की गिरती विधि व्यवस्था के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर विधायक सरयू राय ने भी ट्वीट कर पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठा दिया है। उनका कहना है कि पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी तो दिखा देती है लेकिन माल असबाब की जानकारी नहीं देती है। यह पुलिस की साख का सवाल है। जनता का सवाल है।
व्यवसायियों ने मंगलवार की सुबह बिष्टुपुर छगनलाल चौक पर काला बिल्ला लगाकर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
दूसरी ओर विधायक सरयू राय ने ट्वीट कर कहा है कि जमशेदपुर में,ख़ासकर बिस्टुपुर-साकची में,दिन दहाड़े लाखों की लूट और घरों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाएँ आम हो गई हैं।कई मामलों में अपराधियों के पकड़े जाने की खबर पुलिस देती है,परंतु लूटे गये माल-असबाब के बारे में नहीं।विषय केवल व्यवसायियों का नहीं आम जन है। सवाल पुलिस की साख पर है।
बता दें कि छगनलाल दयालजी एंड संस ज्वैलर्स के कर्मचारी विजय कुमार और प्रदुमन मंडल 32 लाख रुपये एक बैग में भरकर गजराज मेनशन स्थित केनरा बैंक में जमा करने के लिए पहुंचे। वहां गेट पर दो बदमाश दिनदहाड़े पिस्टल का धौंस दिखाकर बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने विजय कुमार के सिर पर पिस्टल के बट से मारकर घायल कर दिया जबकि प्रदुमन मंडल को धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लेकर जी टाउन मैदान की ओर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सीनियर एसपी एम तमिलवानन ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरा की जांच की जा रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरा खराब होने के कारण बदमाशों का तस्वीर उन्हें नहीं मिल पाई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।